राजस्थान के बीकानेर में सोशल मीडिया पर ‘बीकानेर की शेरनी’ के नाम से मशहूर मोनिका राजपुरोहित और उसकी बहन करिश्मा को पुलिस ने शांति भंग और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में बीकानेर की शेरनी के नाम से जानी जाने वाली मोनिका राजपुरोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ उनकी बहन करिश्मा को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों के खिलाफ शांति भंग के आरोप लगे हैं और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। यह मामला मोनिका और उसकी बहन के फास्ट फूड का ठेला लगाने वाली महिला और उसके बेटे के साथ हुई मारपीट से जुड़ा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोनिका और करिश्मा को गिरफ्तार कर कानून कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीकानेर में शेरनी की दादागिरी
मोनिका राजपुरोहित, जो सोशल मीडिया पर खुद को ‘बीकानेर की शेरनी’ कहती है, विवादों में अक्सर रहती रही है। बीते दिनों जोधपुर में भी मोनिका का एक मारपीट का मामला सामने आया था। लेकिन बीकानेर में हाल ही में उसके द्वारा दिखाई गई दादागिरी ने पुलिस को सक्रिय कर दिया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए मोनिका और उसकी बहन करिश्मा को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, मामला बीकानेर के ढोला मारू इलाके में हुआ। ठेले वाली महिला और उनके बेटे से मोनिका और करिश्मा ने विवाद के बाद मारपीट की। पीड़ित महिला ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई और राज्य के सांसद हनुमान बेनीवाल से मदद मांगी। सांसद के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी रही विवादों में
मोनिका राजपुरोहित पहले भी कई विवादों में रही है। हाल ही में एक नेशनल हाईवे पर मोनिका और एक ईको चालक के बीच झगड़ा हुआ था। वीडियो वायरल होने पर सोशल मीडिया में इसे काफी चर्चा मिली। इस झगड़े के दौरान मोनिका के ड्राइवर ने ईको कार को टक्कर मारी और कार का कांच तोड़ दिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोग मोनिका की दादागिरी की आलोचना करने लगे।
इस घटना में मोनिका और ईको चालक के बीच गाली-गलौज और मारपीट भी हुई। वीडियो में दिखा कि मोनिका अपनी गलती के बावजूद गाली-गलौज कर रही थी, जिसके कारण विवाद और बढ़ गया।
कौन है ‘बीकानेर की शेरनी’?
वायरल वीडियो में दिख रही मोनिका राजपुरोहित की उम्र 22 साल है। वह बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी, बजरंगपुरी वल्लभ गार्डन की रहने वाली है। सोशल मीडिया पर मोनिका ने खुद को ‘बीकानेर की शेरनी’ बताया और विवादों के कारण काफी प्रसिद्ध हो गई। पिछले साल मोनिका ने अफीम खाते हुए वीडियो अपलोड किया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
इस वीडियो के कारण उसे काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, मोनिका पर पहले भी हमले और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया था, जिसे बाद में फर्जी बताया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सब मोनिका की पब्लिसिटी पाने की रणनीति का हिस्सा था।