Columbus

भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 24 घंटे का रेड अलर्ट

भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 24 घंटे का रेड अलर्ट

देश के पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी हिस्सों तक मूसलाधार बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

नई दिल्ली: भारत में मानसून अब अपने चरम पर पहुंच चुका है और इसके चलते देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, मछुआरों को समुद्री गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 24 घंटे का रेड अलर्ट

उत्तराखंड में बारिश ने भयानक तबाही मचाई है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, पौड़ी और नैनीताल जिलों में भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए अत्यंत संवेदनशील होंगे और कहीं-कहीं अति भारी वर्षा (204.5 मिमी से अधिक) हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी जिलों जैसे बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली और मेरठ में अगले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश की संभावना है। बिजनौर और मुजफ्फरनगर में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। सात अगस्त के बाद मौसम में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

बिहार-हिमाचल प्रदेश में 12 अगस्त तक बारिश का दौर

बिहार के पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और आसपास के जिलों में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और निचले इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। हिमाचल प्रदेश भी भारी बारिश की चपेट में है। 

मौसम विभाग ने 7 से 12 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ जिलों में 7 से 20 सेमी वर्षा दर्ज की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरोध की घटनाओं की आशंका है, जिससे यातायात और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

झारखंड और ओडिशा में भी झमाझम बारिश

झारखंड के धनबाद, गिरिडीह और आसपास के जिलों में 7 से 10 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं ओडिशा के मयूरभंज और क्योंझर जिलों में भी 9 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इससे निचले क्षेत्रों में जलभराव और परिवहन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत, विशेषकर अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 7 से 12 अगस्त तक लगातार भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। 8 अगस्त को अरुणाचल में विशेष रूप से अति भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इससे भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

दिल्ली-NCR में हल्की बारिश की संभावना

दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम या रात में रिमझिम बारिश की संभावना जताई है। 8 अगस्त को हल्की गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, हालांकि तापमान में अधिक बदलाव नहीं देखा जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में 7 से 9 अगस्त तक भारी वर्षा का अनुमान है। 

विशेषकर तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 7 अगस्त को अति भारी वर्षा होने की संभावना है। दक्षिण के इन राज्यों में किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a comment