Columbus

दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए अपने शहर का मौसम अपडेट

दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए अपने शहर का मौसम अपडेट

देश भर में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। 

नई दिल्ली: भारत के कई राज्यों में मॉनसून की बारिश ने एक बार फिर से जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने 30 जुलाई 2025 के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। खासकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 30 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। लक्ष्मी नगर, रोहिणी, पीतमपुरा, आनंद विहार, साउथ और नॉर्थ दिल्ली के इलाकों में बूंदाबांदी से लेकर बौछारें देखने को मिल सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी, बिहार का मौसम

मौसम विभाग ने यूपी के झांसी, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर, आगरा और जालौन जैसे जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर, रायबरेली, सहारनपुर, बरेली, अलीगढ़, बिजनौर और हरदोई में भी मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं। 

30 जुलाई को पटना, अररिया, किशनगंज, सुपौल, नालंदा, खगड़िया, शेखपुरा, गया और बेगूसराय में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, सीतामढ़ी, गोपालगंज में भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।

राजस्थान का मौसम, मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

राजस्थान के बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, दौसा, अलवर, करौली और बारां में 30 जुलाई को भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। जयपुर, अजमेर, टोंक, नागौर, चित्तौड़गढ़, पाली, भिलवाड़ा और श्रीगंगानगर जैसे इलाकों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। एमपी के ग्वालियर, शिवपुरी, विदिशा, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर, रायसेन, सागर, सीहोर, होशंगाबाद समेत 15 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और जलभराव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की चेतावनी 

शिमला, मंडी, कांगड़ा, ऊना और कुल्लू में 30 जुलाई को मूसलाधार बारिश और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर और उधमसिंह नगर में भी भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की स्थिति बन सकती है।

गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश का सिलसिला

गुजरात और महाराष्ट्र में 30 जुलाई से अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। अहमदाबाद और मुंबई जैसे शहरों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। 30 जुलाई से केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके अलावा तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) की भी संभावना है, जिससे मछुआरों और समुद्री यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a comment