करवाचौथ के दिन अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पॉवर के शेयरों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। महज 45 मिनट में शेयर 15 फीसदी उछले और कंपनी की वैल्यूएशन में करीब ₹2,754 करोड़ का इजाफा हुआ। शेयर 44.05 रुपए से बढ़कर 50.70 रुपए तक पहुंच गए, जिससे निवेशकों की झोली भर गई।
Reliance Power Share: शुक्रवार को करवाचौथ के दिन अनिल अंबानी की फेवरेट कंपनी रिलायंस पॉवर के शेयरों में तूफानी उछाल देखने को मिला। शुरुआती मामूली गिरावट के बाद सिर्फ 45 मिनट में शेयर 15 फीसदी चढ़कर 50.70 रुपए के स्तर पर पहुंच गए। इस तेजी से कंपनी की वैल्यूएशन ₹18,244 करोड़ से बढ़कर ₹20,998 करोड़ हो गई, यानी ₹2,754 करोड़ की बढ़त। दिलचस्प बात यह रही कि यह उछाल ऐसे समय आया है जब कंपनी हाल ही में SEBI की जांच के दायरे में आई थी, फिर भी निवेशकों का भरोसा बना रहा।
लाल निशान से शुरूआत, फिर अचानक उछाल
शुक्रवार को बाजार खुलते ही रिलायंस पावर के शेयर मामूली गिरावट के साथ ₹44.05 पर खुले थे। शुरुआती दस मिनट तक शेयर इसी दायरे में घूमते रहे, लेकिन इसके बाद अचानक तेज़ी आई। केवल 45 मिनट के भीतर शेयर 15 फीसदी तक उछलकर ₹50.70 के स्तर तक पहुंच गए। इससे कंपनी के निवेशकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को कंपनी के शेयर ₹44.45 पर बंद हुए थे। यानी एक ही दिन में शेयर ने ₹6 से ज्यादा की छलांग लगा दी। शेयर में इस उछाल से बाजार में हलचल मच गई और निवेशकों ने तेजी से खरीदारी शुरू कर दी।
7 करोड़ शेयरों का हुआ कारोबार
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को बाजार खुलने के कुछ ही समय बाद कंपनी के करीब 7 करोड़ इक्विटी शेयरों की खरीद-बिक्री हुई। यह आंकड़ा सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा है। आमतौर पर रिलायंस पावर के शेयरों का औसत वॉल्यूम 2 करोड़ के आसपास रहता है। इस बार का ट्रेडिंग वॉल्यूम पिछले एक महीने की तुलना में तीन गुना अधिक दर्ज किया गया।
विश्लेषकों का मानना है कि अचानक आई यह तेजी रिटेल निवेशकों की भारी दिलचस्पी और मार्केट सेंटिमेंट में सुधार की वजह से देखने को मिली।
वैल्यूएशन में हुआ 2,754 करोड़ का उछाल
शेयर की कीमतों में इस बढ़त का सीधा असर कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन पर पड़ा। शुक्रवार सुबह जब शेयर ₹44.05 के स्तर पर था, तब कंपनी की कुल वैल्यूएशन ₹18,244.49 करोड़ थी। लेकिन जैसे ही शेयर ₹50.70 तक पहुंचा, कंपनी की वैल्यूएशन ₹20,998.77 करोड़ तक जा पहुंची।
इस तरह, केवल 45 मिनट के भीतर कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन में ₹2,754.28 करोड़ का इजाफा दर्ज किया गया। यह हाल के महीनों में कंपनी के लिए सबसे बड़ा उछाल माना जा रहा है। लंबे समय बाद रिलायंस पावर की वैल्यूएशन ₹20,000 करोड़ के पार पहुंची है।
रेगुलेटरी चुनौतियों के बावजूद बढ़त
हालांकि अनिल अंबानी की रिलायंस पावर को हाल ही में कुछ रेगुलेटरी चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। पिछले हफ्ते कंपनी को सीएलई प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामलों में सेबी से कारण बताओ नोटिस मिला था। यह मामला पुराने खुलासों और जोखिमों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
कंपनी ने किसी भी मौजूदा वित्तीय संबंध से इनकार किया है, लेकिन जांच की खबरों ने बाजार का ध्यान जरूर खींचा। इसके बावजूद शेयरों में आई यह तेजी बताती है कि निवेशकों का भरोसा कंपनी पर अब भी कायम है।
पहली तिमाही में सुधार के संकेत
रिलायंस पावर ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में जबरदस्त सुधार दिखाया था। कंपनी ने ₹44.68 करोड़ का प्रॉफिट दर्ज किया था, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में उसे ₹97.85 करोड़ का घाटा हुआ था।
हालांकि, राजस्व में कुछ गिरावट दर्ज की गई। साल-दर-साल आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 5.3 फीसदी घटकर ₹1,885.58 करोड़ रह गया, जबकि पिछली तिमाही में यह ₹1,978.01 करोड़ था। कुल आय ₹2,025 करोड़ रही, जो पिछले साल की समान तिमाही के ₹2,069 करोड़ के मुकाबले 2 फीसदी कम है।
इसके बावजूद, घाटे से मुनाफे में लौटना कंपनी के लिए एक बड़ा सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।