Columbus

चार्ली किर्क की हत्या के बाद पत्नी एरिका का भावुक संबोधन, ट्रंप को भी दिया धन्यवाद

चार्ली किर्क की हत्या के बाद पत्नी एरिका का भावुक संबोधन, ट्रंप को भी दिया धन्यवाद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी कंजरवेटिव एक्टिविस्ट और इंफ्लुएंसर चार्ली किर्क की हत्या के बाद उनकी पत्नी पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पति की विरासत को नष्ट नहीं होने देंगी।

शिकागो: अमेरिकी रूढ़िवादी कार्यकर्ता और इंफ्लुएंसर चार्ली किर्क की हत्या के बाद उनकी पत्नी एरिका किर्क पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आईं। अपने पति की विरासत को बचाने और आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह चार्ली किर्क की पहचान और उनके आदर्शों को कभी नष्ट नहीं होने देंगी।

एरिका का भावुक संदेश

चार्ली किर्क के कार्यालय से संबोधन देते हुए एरिका ने कहा, आपकी विरासत को कभी नष्ट नहीं होने दूंगी। चार्ली ने हमेशा अपने बच्चों और परिवार के प्रति अनंत प्रेम दिखाया। वह अमेरिका, नेचर और शिकागो से बेहद प्यार करते थे। मैं भी उनके लिए पूरी तरह से समर्पित थी और हमेशा रहूंगी। एरिका ने इस दौरान अमेरिकी जनता और समर्थकों से भी आभार व्यक्त किया और कहा कि चार्ली की विचारधारा और उनके काम को आगे बढ़ाना उनका फर्ज़ है। उन्होंने अपने पति के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया, जिससे लोगों में भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।

अपने संबोधन में एरिका ने उन कानून प्रवर्तन अधिकारियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने चार्ली किर्क के हत्यारों को पकड़ने में योगदान दिया। उन्होंने हत्यारे को चेतावनी भरे स्वर में संबोधित किया, हालांकि उन्होंने आरोपी टायलर रॉबिन्सन का नाम नहीं लिया। एरिका ने कहा, “आपको यह अंदाजा नहीं कि आपने इस पत्नी के भीतर जो आग लगाई है। मेरी आवाज़ और चीखें दुनिया भर में न्याय की पुकार बनकर गूंजेंगी।”

राष्ट्रपति ट्रंप का जताया आभार

एरिका ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “मेरे पति चार्ली किर्क राष्ट्रपति ट्रंप से बेहद प्यार करते थे। आपने उनका समर्थन किया, जैसा उन्होंने हमेशा आपके लिए किया। इसके लिए मैं आपका आभारी हूं।” यह संबोधन अमेरिकी राजनीतिक परिदृश्य में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें व्यक्तिगत और राजनीतिक समर्थन दोनों की झलक मिली।

चार्ली किर्क की हत्या का घटनाक्रम

चार्ली किर्क की हत्या एक सार्वजनिक आउटडोर कैंपस कार्यक्रम के दौरान हुई। मंच से बोलते समय छत से गोली चलाई गई, जिससे चार्ली किर्क की मौत हो गई। इस कार्यक्रम में लगभग 30,000 लोग उपस्थित थे। घटना के बाद एक बोल्ट-एक्शन राइफल बरामद की गई, जिसे हत्या का हथियार माना गया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस गोलीबारी को “जघन्य अपराध” करार दिया और न्याय के लिए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, एरिका किर्क और चार्ली किर्क की शादी 2021 में हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं – एक तीन साल की बेटी और एक साल का बेटा। एरिका ने अपने संबोधन में बच्चों और परिवार के प्रति अपने समर्पण को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि चार्ली की यादें और उनके आदर्श उनके बच्चों के जीवन में हमेशा जीवित रहेंगे।

Leave a comment